करनाल (हरियाणा): जिला मुख्यालय के पॉश इलाके ‘रास रेजिडेंसी’ से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ नशे की लत ने एक हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया। स्मैक के लिए पैसे न देने पर एक कलयुगी भाई ने अपने ही सगे भाई की कांच की टूटी बोतल से गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।

स्मैक के पैसों को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मूल रूप से समानाबाहू के रहने वाले 28 वर्षीय कमल शर्मा अपनी मां और भाई कपिल के साथ करनाल की रास रेजिडेंसी में रह रहे थे। कपिल को स्मैक के नशे की गंभीर लत है। वारदात वाले दिन कपिल ने अपने भाई कमल से नशा खरीदने के लिए पैसों की मांग की थी। जब कमल ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।गुस्से में आकर कपिल ने घर में रखी कांच की बोतल तोड़ी और उसके नुकीले हिस्से से कमल के गले पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले के वक्त दोनों की मां भी घर पर ही मौजूद थी, जो इस खौफनाक मंजर को देखकर स्तब्ध रह गईं।
अस्पताल में तोड़ा दम, आज होगा पोस्टमार्टम
गंभीर रूप से लहूलुहान कमल को तुरंत करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज (KCGMC) ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसकी जान बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर 32-33 थाना पुलिस और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी हाउस में रखवा दिया है। आज (वीरवार) शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
पुलिस की कार्रवाई और जांच तेज
थाना प्रभारी (SHO) जगदीश कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि नशा न मिलने की सनक में कपिल ने अपने ही भाई की हत्या की है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटा लिए हैं। मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर रामकरण को सौंपी गई है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी कपिल की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।