Spread the love

करनाल (हरियाणा): जिला मुख्यालय की शिव कॉलोनी में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक बंद मकान से अचानक तेज बदबू आने लगी। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जब दरवाजा खुलवाया, तो अंदर का मंजर देखकर सब दंग रह गए। कमरे के भीतर बड़ा गांव के सरकारी स्कूल में तैनात 45 वर्षीय शिक्षक जितेंद्र का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा हुआ था। पुलिस ने फोरेंसिक (FSL) टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

अकेलेपन की जिंदगी जी रहा था शिक्षक, पत्नी भी है टीचर

पुलिस जांच और पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक जितेंद्र लंबे समय से शिव कॉलोनी के इस मकान में अकेले रह रहे थे। जितेंद्र की पत्नी भी कैथल में एक सरकारी शिक्षिका हैं, लेकिन आपसी अनबन और वैचारिक मतभेद के कारण दोनों काफी समय से अलग रह रहे थे।पड़ोसियों ने बताया कि मंगलवार को मकान से बेहद तेज और असहनीय बदबू आने लगी, जिसके बाद उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने अंदर जाकर देखा तो जितेंद्र मृत अवस्था में थे और शव कुछ दिन पुराना लग रहा था।

रिश्तेदारों से तोड़ लिया था नाता, स्वभाव में आ गया था चिड़चिड़ापन

घटना के बाद मौके पर पहुंची मृतक की बहन ने जितेंद्र को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने बताया कि जितेंद्र पिछले काफी समय से गहरे अकेलेपन का शिकार थे। उन्होंने न सिर्फ अपने माता-पिता, बल्कि अन्य सभी रिश्तेदारों से भी बातचीत और संपर्क पूरी तरह बंद कर दिया था। वह बिल्कुल अलग-थलग रहते थे और यदि कोई उनका हाल-चाल जानने के लिए संपर्क करने की कोशिश भी करता, तो वह गुस्से में आकर झगड़ा करने लगते थे।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

मामले की जांच कर रहे सब-इंस्पेक्टर गुरविंद्र सिंह ने बताया कि शुरुआती तौर पर मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटनास्थल से फोरेंसिक टीम ने कुछ जरूरी नमूने एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज (KCGMC) के शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि यह प्राकृतिक मौत है, आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और वजह है।

By Ritik Madad

Ritik, Crime Editor at Roj Nyari Baat. Local crime, law & order se judi khabron par focus

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *